Page Loader
नेहरू से लेकर मोदी तक, इन गाड़ियों में सफर करते रहे हैं भारतीय प्रधानमंत्री
भारतीय प्रधानमंत्रियों द्वारा प्रयोग की गईं गाड़ियां

नेहरू से लेकर मोदी तक, इन गाड़ियों में सफर करते रहे हैं भारतीय प्रधानमंत्री

Jul 23, 2022
10:30 pm

क्या है खबर?

हम हर साल 26 जनवरी के मौके पर भारतीय प्रधानमंत्री की काले रंग वाली VIP कारों के बेड़े को देखते हैं। राजपथ पर चलती ये कारें सभी देश वासियों के मन में कई तरह की जिज्ञासा उतपन्न करती हैं। हम सबके मन में इन कारों के बारे में जानने की इच्छा सहज ही होती है। इस लेख के माध्यम से हम आपको भारत की आजादी से अबतक के प्रधानमंत्रियों के पास रहीं कारों के बारे में बताएंगे।

पहली कार

कैडिलैक थी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली कार

भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पास पहली आधिकारिक कार कैडिलैक थी। पंडित नेहरू को कारें बेहद पसंद थी। वह अपने कार्यकाल के शुरुआती दिनों में कैडिलैक में यात्रा किया करते थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी इस आधिकारिक कार को रोल्स रॉयस सिल्वर रैथ से बदल दिया था। रोल्स रॉयस की यह कार प्रधानमंत्री नेहरू को भारत के पूर्व वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन द्वारा उपहार में दी गई थी।

एम्बेसडर

शुरुआती दिनों में ही एम्बेसडर बन गई थी आधिकारिक कार

हिंदुस्तान मोटर्स की एम्बेसडर कार को बोलचाल में देश की शान भी कह दिया जाता है। यह कार अपने शुरुआती दिनों में ही विदेशी कंपनियों को पछाड़ कर देश की आधिकारिक कार बन गई थी। इसने प्रधानमंत्री की कैडिलैक और रोल्स रॉयस सिल्वर रैथ जैसी शुरुआती कारों की जगह ली थी। आज यह कार सड़कों से लगभग गुम हो चुकी है। कंपनी ने इस कार का उत्पादन साल 1957 से लेकर 2014 तक किया था।

नई कारें

राजीव गांधी ने किया था कई नई तेज रफ्तार कारों का प्रयोग

भारत के छठे प्रधानमंत्री राजीव गांधी को नई तकनीक और तेज कारों के प्रति लगाव था। वह एक प्रशिक्षित पायलट थे। जब उन्हें मौका मिलाता, तो वे अक्सर अपनी आधिकारिक कार एंबेसडर की जगह रेंज रोवर वोग और जॉर्डन के राजा द्वारा उपहार दी गई मर्सिडीज-बेंज 500 SEL का प्रयोग किया करते थे। कहा जाता है कि राजीव गांधी ने ही मध्यम वर्ग के लिए सस्ती कारों को लोकप्रिय बनाया था। उन्हें अक्सर मारुति सुजुकी एस्टीम में देखा जाता था।

BMW

एम्बेसडर की जगह आई BMW 7 सीरीज

नरसिम्हा राव, इंदर कुमार गुजराल, एच डी देवेगौड़ा जैसे प्रधानमंत्रियों ने भी हिंदुस्तान मोटर्स की एम्बेसडर का ही मुख्य रूप से प्रयोग किया था। इनके बाद फिर अटल बिहारी वाजपेयी ने भी अपने शुरूआती दौर में एम्बेसडर का ही प्रयोग जारी रखा, लेकिन 2001 के संसद पर आतंकवादी हमले को देखते हुए विशेष सुरक्षा समूह ने उनके लिए BMW 7 सीरीज का प्रयोग शुरू कर दिया। यह बहुत ही उच्च सुरक्षा वाली कार हुआ करती थी।

मर्सिडीज मेबैक

नरेंद्र मोदी ने BMW 7 सीरीज को मर्सिडीज मेबैक से बदला

डॉ मनमोहन सिंह ने भी अपने कार्यकाल में BMW 7 सीरीज का ही उपयोग किया था। 2014 में सत्ता में आने के बाद देश के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सुरक्षा के लिए उच्च सुरक्षा वाली BMW 7 सीरीज का प्रयोग जारी रखा, लेकिन दिसंबर, 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने इसे मर्सिडीज मेबैक S650 से अपग्रेड किया है। इसके साथ-साथ उनके पास सुरक्षा के लिए मोडिफाई कराई हुई टोयोटा लैंड क्रूजर और एक लैंड रोवर भी देखी जाती है।

OSZAR »