
शेयर बाजार में सेंसेक्स 800 अंक टूटा, गिरावट की क्या है वजह?
क्या है खबर?
भारतीय शेयर बाजार में आज (2 जून) बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है।
कारोबारी दिन शुरू होने के कुछ ही देर बाद सेंसेक्स में 800 अंकों की गिरावट दर्ज हुई। सुबह सेंसेक्स 81,214.42 पर खुला और गिरकर 80,654.26 के निचले स्तर तक पहुंच गया।
निफ्टी 50 भी 24,669.70 पर खुला और गिरकर 24,526.15 पर आ गया। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में करीब 0.30 प्रतिशत की तेजी देखी गई।
टैरिफ
ट्रंप के टैरिफ और वैश्विक तनाव का असर
शेयर बाजार में आज की गिरावट की एक बड़ी वजह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का टैरिफ बढ़ाने का ऐलान है।
ट्रंप ने 4 जून से स्टील और एल्युमीनियम पर टैरिफ 50 प्रतिशत करने की धमकी दी, जिससे वैश्विक बाज़ारों में गिरावट आई। जापान, हांगकांग जैसे देशों के शेयर बाजारों में 1-2 प्रतिशत तक की गिरावट देखी गई।
अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव ने भी निवेशकों की सोच को प्रभावित किया।
FPI
मुनाफावसूली और FPI की सुस्ती
HDFC बैंक और रिलायंस जैसे बड़े शेयरों में मुनाफावसूली से भी बाजार पर दबाव पड़ा।
निवेशकों ने लार्ज कैप से पैसा निकालकर मिड और स्मॉल कैप में लगाया है। विदेशी निवेशकों ने भी भारतीय शेयरों की खरीदारी घटा दी है। पिछले सत्र में FPI ने 6,449 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए।
डॉलरडॉलर में मजबूती और भारतीय शेयरों की ऊंची कीमतें भी FPI की सुस्ती की वजह मानी जा रही है।
अन्य
देश में सकारात्मक संकेतों की कमी और तकनीकी दबाव
घरेलू बाजार में नए अच्छे संकेतों की कमी के चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर हो रहा है। आय में कमजोरी और भू-राजनीतिक अनिश्चितता ने भी असर डाला है।
तकनीकी रूप से, निफ्टी 24,650 और 24,900 के बीच फंसा हुआ है। जब तक यह सीमा नहीं टूटती, बाजार में साइडवेज चाल बनी रह सकती है।
अगर निफ्टी 24,450 से नीचे जाता है तो और गिरावट आ सकती है, जबकि 25,150 से ऊपर निकलने पर ही मजबूती आ सकती है।