Page Loader
फिर साथ दिखेंगे रणवीर सिंह और आलिया भट्ट, करण जौहर बनाने जा रहे हैं रोमांटिक फिल्म!

फिर साथ दिखेंगे रणवीर सिंह और आलिया भट्ट, करण जौहर बनाने जा रहे हैं रोमांटिक फिल्म!

Jan 31, 2021
06:36 pm

क्या है खबर?

2019 में रिलीज हुई फिल्म 'गली बॉय' की सफलता के बाद बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी जल्द ही एक बार फिर से दर्शकों के सामने पेश होने वाली है। दरअसल, बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार इस बार इन दोनों को लेकर करण जौहर फिल्म बनाने वाले हैं। वह रणवीर और आलिया के साथ एक रोमांटिक स्टोरी पर्दे पर उतारना चाहते हैं। इस फिल्म के निर्देशन की कमान भी करण जौहर खुद ही संभालना चाहते हैं।

पहली फिल्म

पहली बार करण जौहर के निर्देशन में काम करेंगे रणवीर

यह पहला मौका होगा जब रणवीर को करण जौहर के निर्देशन में बनने वाली फिल्म में देखा जाएगा। जबकि आलिया तीसरी बार करण के निर्देशन में काम कर रही हैं। इससे पहले उनकी 2012 में रिलीज हुई डेब्यू फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' को करण ने ही डायरेक्ट किया था। इसके बाद वह 2016 में करण की 'ऐ दिल है मुश्किल' में कैमियो रोल करती दिखी थी। इसके अलावा इस फिल्म में आलिया और रणवीर दूसरी बार साथ काम करेंगे।

निर्देशन

2016 में रिलीज हुई करण जौहर के निर्देशन की फिल्म

गौरतलब है कि करण जौहर ने पिछली बार 2016 में रिलीज हुई फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' का निर्देशन किया था। इस फिल्म में रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय बच्चन को मुख्य किरदारों में देखा गया था। इसके बाद वह नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज लस्ट स्टोरी और घोस्ट स्टोरी का भी निर्देशन कर चुके हैं। हालांकि, बडे़ पर्दे पर अब 2016 के बाद वह निर्देशक के तौर पर दोबारा वापसी करने का विचार बना रहे हैं।

जानकारी

फिल्म के बारे में नहीं मिली ज्यादा जानकारी

हालांकि, इस फिल्म का टाइटल क्या होगा? इसमें आलिया और रणवीर के अलावा और कौन-कौन से सितारे नजर आने वाले है। फिलहाल इस तरह की फिल्म से जुड़ी और कोई भी जानकारी सामने नहीं आ पाई है।

वर्क फ्रंट

इन फिल्मों को लेकर चर्चा में है रणवीर और आलिया

बता दें कि आलिया और रणवीर को करण की मल्टी स्टारर फिल्म 'तख्त' में भी देखा जाने वाला था, जिस पर शायद अब काम रोक दिया गया है। इसके अलावा आलिया इस समय संजय लीला भंसाली की 'गंगूबाई काठियावाड़ी', 'ब्रह्मास्त्र' और दक्षिण भारतीय फिल्म 'RRR' को लेकर भी चर्चा में बनी हुई हैं। वहीं, रणवीर जल्द ही कबीर खान के निर्देशन में बनी फिल्म '83', 'सर्कस' और 'जायेशभाई जोरदार' में भी दिखेंगे।

OSZAR »