Page Loader
'क्रू' की सफलता से गदगद होकर अनिल कपूर ने महिला प्रधान फिल्में बनाने पर दिया जोर
महिला प्रधान फिल्मों क्यों बनाना चाहते हैं अनिल कपूर?

'क्रू' की सफलता से गदगद होकर अनिल कपूर ने महिला प्रधान फिल्में बनाने पर दिया जोर

लेखन पलक
Jun 23, 2024
03:15 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर पिछले 45 सालों से सिर्फ फिल्मों के जरिए ही अपने फैंस से मुखातिब होते आए हैं। हालांकि, इन दिनों वह रियलिटी शो 'बिग बॉस OTT 3' की मेजबानी करते दिख रहे हैं। इस बीच अभिनेता ने महिला प्रधान फिल्मों के महत्व पर जोर दिया। इसके साथ ही अनिल ने 'क्रू' की सफलता पर अपनी खुशी भी जाहिर की। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बॉक्स ऑफिस पर ऐसी फिल्मों का सफल होना जोखिम भरा होता है।

खुशी

'क्रू' की सफलता से खुश हैं अनिल

PTI से बातचीत करते हुए अनिल से जब पूछा गया कि एक निर्माता के रूप में 'क्रू' जैसी महिला प्रधान फिल्म की सफलता उनके लिए क्या मायने रखती है तो उन्होंने खुशी जताई। वह बोले, "मैं बहुत खुश हूं कि 'क्रू' ने ना केवल सिनेमाघरों में बल्कि नेटफ्लिक्स पर भी इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। इसने दोनों जगहों पर शानदार प्रदर्शन किया है।'' अभिनेता ने इस तरह की फिल्मों को बनाते रहने पर जोर दिया और कारण भी बताया।

महत्तव

क्यों महत्तवपूर्ण है महिला प्रधान फिल्में बनाना?

अनिल का कहना है कि किसी को बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के हश्र से डरकर महिला प्रधान फिल्में बनाने से नहीं डरना चाहिए। वह बोले, "'क्रू' की सफलता यह दर्शाती है कि काम करना जारी रखना कितना महत्वपूर्ण है ताकि हम वो काम कर सकें, जिन्हें दूसरे लोग करने से डरते हैं। अगर हमारे पास ये फिल्में बनाने का अवसर है, तो कुछ चलेंगी, कुछ नहीं चलेंगी, लेकिन कम से कम हमें ये फिल्में बनाने की कोशिश करनी चाहिए।"

तारीफ

अनिल ने की बेटी रिया कपूर की तारीफ

अभिनेता ने अपनी फिल्मों में महिलाओं को मुख्य किरदार के रूप में पेश करने के लिए अपनी बेटी रिया कपूर की बहादुरी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "रिया ने अभिनेत्रियों के साथ फिल्में बनाई हैं और उन्हें प्रमुख अभिनेताओं की तरह पेश किया है। उन्होंने जो फिल्म बनाई हैं उनमें से 95% से ज्यादा सफल रही हैं।" अनिल के अनुसार, रिया उन लोगों में से एक हैं जो नई चीजें करते हैं लेकिन प्रचार करना पसंद नहीं करते हैं।

क्रू

सिनेमाघरों से लेकर नेटफ्लिक्स तक 'क्रू' का धमाल

इस साल कई फिल्में दर्शकों के बीच आईं, लेकिन 'क्रू' ने बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाका किया। न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशाें में भी फिल्म ने जमकर कमाई की। तब्बू, करीना कपूर खान और कृति सैनन अभिनीत फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। सिनेमाघरों के बाद फिल्म ने OTT पर भी तहलका मचाया और यह नेटफ्लिक्स पर 2024 में सबसे ज्यादा देखी गई फिल्म बनकर भी उभरी।

जानकारी

इन फिल्मों में नजर आएंगे अनिल

अनिल की आगामी फिल्मों की बात करें तो अभिनेता को जल्द ही फिल्म 'सूबेदार' में काम करते देखा जाएगा। इसके लिए उन्होंने हाल ही में ट्रेनिंग लेनी शुरू की है। वह आलिया भट्ट अभिनीत आगामी स्पाई यूनिवर्स फिल्म का भी हिस्सा हैं।

OSZAR »