Page Loader
गूगल से पता ढूंढ शख्स ने की अक्षय कुमार के घर घुसपैठ की कोशिश, गिरफ्तार

गूगल से पता ढूंढ शख्स ने की अक्षय कुमार के घर घुसपैठ की कोशिश, गिरफ्तार

Feb 07, 2019
03:15 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड सेलिब्रिटी के कई सारे फैन्स होते हैं। हर कोई अपने चहेते स्टार से मिलने की ख्वाहिश रखता है। कुछ जुनूनी फैन्स अपनी हदें तोड़ने की कोशिश भी करते दिखते हैं। इस बार ऐसा ही कुछ अक्षय कुमार के एक फैन ने करने की कोशिश की। 22 साल का एक फैन बिना अनुमति के जबरन उनके घर में घुसने की कोशिश करते पकड़ा गया है। मुंबई पुलिस ने उपनगरीय क्षेत्र जुहू से उस फैन को गिरफ्तार किया है।

मामला

हरियाणा का रहने वाला है अंकित

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा का रहने वाला अंकित गोस्वामी अपने पसंदीदा बॉलीवुड कलाकार अक्षय से मिलना चाहता था और इसलिए वह मुंबई आया था। मंगलवार आधी रात करीब 1 बजकर 30 मिनट पर बिना अनुमति के अक्षय के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था, तब सुरक्षा गार्ड ने उसे पकड़ लिया। आरोपी पर बिना अनुमति जबरन प्रवेश का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।

पूछताछ

गूगल से ढूँढा था अक्षय के घर का पता

लड़के ने पूछताछ में बताया कि उसने गूगल की मदद से अक्षय के घर का पता ढूंढा था और उनसे मिलने के लिए वह हरियाणा से मुंबई आया था। गौरतलब है कि ये ऐसा पहला मामला नहीं है जब किसी बड़े कलाकार के घर पर किसी फैन या अनजान व्यक्ति ने घुसपैठ करने की कोशिश की हो। इसके पहले अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे कलाकारों के घर पर इस तरह की घटना हो चुकी है।

फिल्म

अगले महीने रिलीज़ होगी अक्षय की फिल्म 'केसरी'

गौरतलब है कि अक्षय कुमार की हाल ही में फिल्म '2.0' रिलीज़ हुई थी। फिल्म में उनके साथ रजनीकांत थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। अगले महीने अक्षय की फिल्म 'केसरी' रिलीज़ होगी। इस फिल्म में अक्षय के साथ परिणीति चोपड़ा लीड रोल में हैं। इसके अलावा लगभग दस साल बाद वह करीना कपूर खान के साथ 'गुड न्यूज़' में भी दिखाई देंगे। फिल्म इसी साल सितंबर में रिलीज़ होगी। अक्षय, 'हाउसफुल 4' में भी नज़र आएंगे।

OSZAR »