Page Loader
शाहरुख खान की 'जवान' ही नहीं, इस हफ्ते उठाएं इन फिल्मों और वेब सीरीज का लुत्फ
इस हफ्ते देखिए ये फिल्में और वेब सीरीज

शाहरुख खान की 'जवान' ही नहीं, इस हफ्ते उठाएं इन फिल्मों और वेब सीरीज का लुत्फ

Nov 02, 2023
07:30 pm

क्या है खबर?

नवंबर में कई फिल्में और सीरीज आने वाली हैं। इस महीने की शुरुआत धमाकेदार होगी, क्योंकि एक से बढ़कर एक फिल्में आपके बीच आएंगी, जो पहले ही खूब सुर्खियां बटोर चुकी हैं। शाहरुख खान की 'जवान' ने यह हफ्ता और खास बना दिया है। उनकी यह फिल्म दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है। शाहरुख ने अपने जन्मदिन पर प्रशंसकों को इसका तोहफा दिया है। आइए जानते हैं इस हफ्ते और क्या कुछ है खास।

#1

'जवान'

शुरुआत 'जवान' से ही करते हैं, जो इस साल 7 सितंबर को सिनेमाघरों में आई थी। यह फिल्म 2 नवंबर को नेटफ्लिक्स पर आ गई है। 'जवान' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 700 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया था तो वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 1,100 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार किया था। इसका निर्देशन साउथ के जाने-माने निर्देशक एटली ने किया है। फिल्म के जरिए साउथ की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा ने बॉलीवुड में कदम रखा।

#2

'द लेडी किलर'

इस फिल्म में अर्जुन कपूर और भूमि पेडनेकर की जोड़ी देखने को मिलेगी। दोनों पहली बार किसी फिल्म के लिए साथ आए हैं। फिल्म के निर्देशक अजय बहल हैं, जो 'धारा 375' और 'बीए पास' जैसी फिल्में बना चुके हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म रोमांच से लबरेज होगी, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखेगा। यह फिल्म 3 नवंबर को सिनेमाघरों में आ रही है। टी-सीरीज के बैनर तले बनी यह फिल्म सिनेमाघरों के बाद नेटफ्लिक्स पर आएगी।

#3

'आंख मिचौली'

इस फिल्म के निर्देशन की कमान उमेश शुक्ला ने संभाली है, जो कॉमेडी फिल्में बनाने के लिए जाने जाते हैं। यह फिल्म 3 नवंबर को रिलीज होने वाली है, जिसमें मृणाल ठाकुर से लेकर शरमन जोशी, परेश रावल, अमिताभ बच्चन, दिव्या दत्ता और विजय राज जैसे कलाकार नजर आएंंगे। मृणाल ने फिल्म में एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है, जाे रात को देख नहीं पातीं। इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाई जाएगी, जिसका हरेक सदस्य अनोखा है।

#4

'UT 69'

शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा भी 3 नवंबर को ही फिल्म 'UT 69' ला रहे हैं। उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों का रुख करेगी। कुंद्रा आर्थर रोड जेल में बिताए अपने 63 दिनों का सफरनामा दर्शकों के बीच पेश करने वाले हैं। आजकल कुंद्रा इसी फिल्म के प्रचार-प्रसार में लगे हैं। 2021 में कुंद्रा पर अश्लील फिल्में बनाने और कुछ ऐप्स के माध्यम से उन्हें प्रकाशित करने का आरोप लगा था। इसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा था।

वेब सीरीज

'आर्या 3'

सुष्मिता सेन एक बार फिर से OTT पर दस्तक देने जा रही हैं। उन्हें पिछली बार श्री गौरी सावंत के किरदार में वेब सीरीज 'ताली' में देखा गया था। अब वह 'आर्या सीजन 3' में दिखाई देंगी। इसमें वह एक बार फिर शेरनी बनकर अपने दुश्मनों पर वार करती नजर आएंगी। उनकी इस सीरीज के ट्रेलर पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया था। इसका तीसरा सीजन 3 नवंबर को डिज्नी+हॉटस्टार पर रिलीज होने वाला है।

जानकारी

'टेम्पटेशन आइलैंड इंडिया'

लोकप्रिय डेटिंग रिएलिटी शो 'टेम्पटेशन आइलैंड' का भारतीय संस्करण 'टेम्पटेशन आइलैंड इंडिया' 3 नवंबर से जियो सिनेमा पर शुरू हो रहा है। प्यार और बेवफाई पर आधारित इस शो को करण कुंद्रा और मौनी रॉय होस्ट करेंगे, वहीं एल्विश यादव इससे बतौर प्रतियोगी जुड़े हैं।

OSZAR »