Page Loader
शाहरुख खान को क्यों मिली धमकी, जानिये पूरा मामला

शाहरुख खान को क्यों मिली धमकी, जानिये पूरा मामला

Nov 24, 2018
06:57 pm

क्या है खबर?

बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान 27 नवंबर से ओडिशा में शुरू हो रहे पुरुष हॉकी विश्व कप के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे, लेकिन इससे पहले ही उनका विरोध शुरू हो गया है। ओडिशा के एक संगठन कलिंग सेना ने धमकी दी है कि उसके कार्यकर्ता शाहरुख खान पर स्याही फेंकेंगे और उन्हें काले झंडे दिखाएंगे। धमकी मिलने के बाद राज्य के पुलिस कमिश्नर ने कहा कि शाहरुख खान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम उठाए जाएंगे।

मामला

क्यों हो रहा है शाहरुख का विरोध?

कलिंग सेना ने शाहरुख पर स्याही पोतने की धमकी दी है। दरअसल, पूरा मामला 2001 में आई शाहरुख की फिल्म 'अशोका' से जुड़ा है। इस फिल्म में राजा अशोक और कलिंग साम्राज्य के इतिहास के बारे में बताया गया था। आरोप है कि फिल्म में कलिंग युद्ध को गलत तरीके से दिखाया गया था, जिस वजह से राज्य की संस्कृति का अपमान हुआ है। रिलीज होने के एक सप्ताह बाद ही इस फिल्म को ओडिशा से हटा लिया गया था।

कार्यक्रम

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने दिया है शाहरुख को न्योता

इस बार पुरुष हॉकी विश्व कप ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित किया जा रहा है। पुरुष हॉकी विश्व कप में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शाहरुख को निमंत्रण भेजा था। शाहरुख का कार्यक्रम 27 नवंबर को भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में होगा। इसके बाद 28 नवंबर को बारबाटी स्टेडियम, कटक में एक कार्यक्रम कराया जाएगा। इस कार्यक्रम में संगीतकार एआर रहमान भी शामिल होंगे। शाहरुख विश्व कप के ऑफिशियल एंथम सॉन्ग में भी नजर आए थे।

विवाद

फिल्म की रिलीजिंग के समय भी हुआ था विरोध

साल 2001 में फिल्म 'अशोका' रिलीज हुई थी। तब भी ओडिशा में इसका भारी विरोध किया गया था। विरोध के बावजूद शाहरुख ने फिल्म को लेकर माफी नहीं मांगी थी। अब फिर से एक बार इस मामले को उठाया गया है। कलिंग सेना के प्रमुख हेमंत रथ ने शाहरुख से माफी की मांग की है। उन्होंने इस मामले में एक नवंबर को शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके अलावा कलिंग सेना ने रैली निकालकर शाहरुख का पुतला भी फूंका था।

OSZAR »