Page Loader
इस साल इन बॉलीवुड कलाकारों ने दुनिया को कहा अलविदा
इस साल इन कलाकारों ने दुनिया को कहा अलविदा

इस साल इन बॉलीवुड कलाकारों ने दुनिया को कहा अलविदा

Feb 20, 2022
06:43 pm

क्या है खबर?

मनोरंजन जगत में बड़े स्टार और कलाकारों के प्रति दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। अपने पसंदीदा कलाकार की एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। फैंस के लिए अभी तक यह साल अच्छा नहीं रहा है। मात्र दो महीनों में ही मनोरंजन जगत ने कई हस्तियों को खो दिया है। आज हम उन बॉलीवुड कलाकारों पर नजर डालेंगे, जिन्होंने इस साल दुनिया को अलविदा कह दिया है।

#1

बप्पी लहरी

इस सूची में पहला नाम गायक बप्पी लहरी का है। 15 फरवरी की रात 11.45 बजे मुंबई में 69 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। डॉक्टर ने बताया कि ऑबस्ट्रक्टिव स्लीप एपनिया (OSA) के कारण उनकी मौत हुई। बप्पी का अंतिम संस्कार 17 फरवरी को मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में किया गया। उनका जन्म 27 नवंबर, 1952 को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुआ था। डिस्को किंग बप्पी ने 500 से ज्यादा गाने कंपोज किए थे।

#2

लता मंगेशकर

सुरों की कोकिला लता मंगेशकर भी इस दुनिया को अलविदा कह गईं। 6 फरवरी को मल्टी ऑर्गन फेल्योर के कारण 92 साल की उम्र में उनका देहांत हुआ। उनके निधन के बाद मुंबई सहित पूरे देश में शोक की लहर उमड़ पड़ी। लता का जन्म 28 सितंबर, 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। जब वह मात्र 13 साल की थीं, तो उनके पिता गुजर गए थे। भारत रत्न समेत कई पुरस्कारों से उन्हें नवाजा गया था।

#3

बिरजू महाराज

कथक की दुनिया के सरताज बिरजू महाराज भी दिवंगत हो चुके हैं। 17 जनवरी को 83 साल की उम्र में उनका निधन हुआ। जब भी भारतीय शास्त्रीय नृत्य के बारे में बात की जाएगी, तो सबसे पहले बिरजू का नाम लिया जाएगा। वह अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के कथक गुरु भी माने जाते थे। पद्म विभूषण से सम्मानित बिरजू लखनऊ के कथक घराने में पैदा हुए थे। उनके पिता अच्छन महाराज और चाचा शम्भू महाराज देश के प्रसिद्ध कलाकार थे।

#4

रमेश देव

प्रसिद्ध अभिनेता रमेश देव का दो फरवरी को निधन हो गया। हार्ट अटैक के कारण 93 साल की उम्र में वह चल बसे। दशकों के अपने करियर में रमेश ने 'आनंद', 'श्रीमान श्रीमती' और 'सरस्वतीचंद्र' जैसी हिट फिल्मों में अभिनय किया था। रमेश ने बॉलीवुड के अलावा मराठी फिल्मों में भी अपने अभिनय से नाम कमाया था। उनके परिवार में उनके बेटे अभिनय देव और अजिंक्य देव के अलावा पत्नी सीमा देव हैं।

#5

प्रवीण कुमार सोबती

प्रवीण कुमार सोबती ने बीआर चोपड़ा के 'महाभारत' में भीम का किरदार निभाकर लोगों का दिल जीता था। प्रवीण का हार्ट अटैक के कारण 7 फरवरी को 74 साल की उम्र में देहांत हुआ। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। एक्टिंग में आने से पहले प्रवीण एक एथलीट थे। उन्होंने एशियाई खेलों में दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था। प्रवीण ने दर्जनों फिल्मों में भी काम किया था।

OSZAR »