
कौन हैं अभिनेत्री नुसरत फारिया, जिन्हें हत्या के प्रयास के मामले में किया गया गिरफ्तार?
क्या है खबर?
बांग्लादेशी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री नुसरत फारिया मुश्किल में फंसती नजर आ रही हैं।
दरअसल, अभिनेत्री को उस वक्त ढाका के हजरत शाहजलाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया, जब वह थाईलैंड के लिए उड़ान भरने वाली थीं।
31 वर्षीय फारिया पर साल 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हिंसा भड़काने और हत्या के प्रयास में संलिप्तता का आरोप लगा है। फिलहाल अभिनेत्री से पूछताछ चल रही है।
आइए जानें आखिर फारिया हैं कौन।
परिचय
इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं फारिया
बता दें फारिया ने अपना करियर एक रेडियो जॉकी और टेलीविजन प्रस्तोता (प्रेजेंटर) के तौर पर शुरू किया था।
इसके बाद जल्द ही उन्होंने अभिनय की दुनिया का रुख किया। उनकी पहली फिल्म 'आशिकी' थी, जो साल 2015 में रिलीज हुई। फारिया की पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई और रातों-रात स्टार बन गईं।
इसके बाद फारिया 'हीरो 420', 'बॉस 2', 'प्रेमी ओ प्रेमी' और 'ऑपरेशन सुंदरबन' जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आईं।
यादगार फिल्म
शेख हसीना बन हुईं मशहूर
साल 2023 में आई बायोपिक फिल्म 'मुजीब: द मेकिंग ऑफ ए नेशन' फारिया के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। इसमें उन्होंने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का किरदार निभाया था।
श्याम बेनेगल के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। फिल्म में फारिया के काम को काफी सराहा गया, वहीं दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों की तरफ से भी फिल्म को हरी झंडी मिली।
यह फिल्म बंगाली और हिंदी भाषा में रिलीज हुई थी।