Page Loader
भारतीय जल सीमा में बिना अनुमति घुस आया था चीनी समुद्री जहाज- नौसेना प्रमुख

भारतीय जल सीमा में बिना अनुमति घुस आया था चीनी समुद्री जहाज- नौसेना प्रमुख

Dec 03, 2019
07:10 pm

क्या है खबर?

भारतीय नौसेना प्रमुख करमबीर सिंह ने मंगलवार को कहा कि एक चीनी जहाज बिना अनुमति के भारतीय जल सीमा में घुस आया था। इसे यहां आने की इजाजत नहीं थी। इसके बाद इसे अंडमान-निकोबार द्वीप के पास से वापस लौटाया गया। नौसेना की सालाना प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए उन्होंने कहा, "हमारा मानना है कि अगर आपको हमारे एक्सक्लूसिव इकॉनोमिक जोन (EEZ) में कुछ करना है तो पहले हमें जानकारी देनी होगी और इसके लिए इजाजत लेनी होगी।"

जानकारी

क्या होता है EEZ?

समुद्री कानूनों के अनुसार, हर देश के तट से 200 नॉटिकल मील तक उसका EEZ होता है। इतने क्षेत्र पर उस देश का अधिकार होता है और वह इस इलाके में प्राकृतिक संसाधनों की खोज से लेकर इसे सरंक्षित करने के लिए आजाद होता है।

बयान

पोर्ट ब्लेयर के पास से लौटाया गया चीनी जहाज

गौरतलब है कि चीन के समुद्री जहाज शी यान 1 को सितंबर में पोर्ट ब्लेयर के पास कुछ गतिविधि करते हुए पाया गया था। इसके बाद इसे वापस जाने को कहा गया। सिंह ने कहा भारतीय नौसेना समुद्र में चीन की उपस्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनका रिसर्च वाला जहाज हिंद महासागर में था। उन्होंने कहा कि उन्हें समुद्र में खनन के लिए इलाका दिया गया है। हिंद महासागर में हर समय उनके सात-आठ जहाज रहते हैं।

नौसेना की एक्सरसाइज

पोर्ट ब्लेयर से शिफ्ट की गई नौसेना की एक्सरसाइज

भारत अगले साल 41 देशों के साथ मिलकर मिलन एक्सरसाइज का आयोजन कर रहा है। इसमें भाग लेने के चीन को नहीं बुलाया गया है। सिंह ने कहा कि एक जैसी सोच वाले देशों को इसके लिए बुलाया गया है। चीनी नौसेना के साथ हमने पासेज एक्सरसाइज भी नहीं की है। दूसरे देशों के साथ भारतीय नौसेना की बेहतर समझ है। पहले यह एक्सरसाइज पोर्ट ब्लेयर में होनी थी, लेकिन अब इसे विशाखापट्टनम शिफ्ट कर दिया गया है।

फंड

नौसेना के आधुनिकीकरण के लिए मांगा ज्यादा फंड

पिछले पांच सालों में रक्षा बजट 18 से कम होकर 13 प्रतिशत हुआ है। इससे नौसेना के आधुनिकीकरण पर असर पड़ा है। नौसेना प्रमुख ने कहा कि नौसेना को आधुनिकीकरण के लिए अधिक फंड की जरूरत है और इसके बारे में सरकार को बता दिया गया है। जब उनसे चीनी नौसेना के आधुनिकीकरण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वो अपनी गति से आगे बढ़ रहे हैं और भारतीय नौसेना अपनी गति से आगे बढ़ रही है।

OSZAR »