Page Loader
महत्वपूर्ण अंगों में गंभीर चोटों और फैक्चर्स के कारण हुई साइरस मिस्त्री की मौत- पोस्टमार्टम रिपोर्ट
साइरस मिस्त्री की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी

महत्वपूर्ण अंगों में गंभीर चोटों और फैक्चर्स के कारण हुई साइरस मिस्त्री की मौत- पोस्टमार्टम रिपोर्ट

Sep 06, 2022
01:11 pm

क्या है खबर?

कार एक्सीडेंट में मारे गए टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनके सिर और अन्य महत्वपूर्ण अंगों में गंभीर चोटें आई थीं और इसके कारण ही उनकी मौत हुई। दुर्घटना में मारे गए उनके साथी जहांगरी पंडोले को भी ऐसी ही चोटें आई थीं। दोनों शवों का पोस्टमार्टम सोमवार रात मुंबई स्थित सर जेजे अस्पताल में किया गया। जांच के लिए विसरा सैंपल भी भेज दिया गया है।

रिपोर्ट

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया?

मिस्त्री के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि उनके सिर पर गंभीर चोट लगी थी जिसके कारण बड़ी मात्रा में ब्लीडिंग हुई। इसके अलावा उनकी छाती, सिर, जांघ और गर्दन में कई फैक्चर्स भी हुए। जहांगीर को भी सिर, छाती और अन्य अंगों पर गंभीर चोटें लगीं और कई फ्रैक्चर हुए। डॉक्टरों के अनुसार, गाड़ी की रफ्तार एकदम 100 किलोमीटर प्रति घंटा से जीरो होने पर शरीर को जो झटका लगता है, उससे ऐसी चोटें लगती हैं।

फॉरेंसिक जांच

घटनास्थल का किया जाएगा फॉरेंसिक विश्लेषण

मामले में कार एक्सीडेंट के घटनास्थल का फॉरेंसिक विश्लेषण भी किया जाएगा। इसमें दुर्घटना का कारण पता लगाने के लिए पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा उन इंफ्रास्ट्रक्चरल कारणों को समझने की कोशिश भी की जाएगी जिनके कारण दुर्घटना हुई और गंभीर चोटें आईं। विशेषज्ञ कार, घटनास्थल और चोटों का विस्तृत अध्ययन भी करेंगे। किसी भी साजिश की आशंका को खारिज करने के लिए विसरा जांच के लिए सैंपल भेजे जा चुके हैं।

जानकारी

आज होगा मिस्त्री का अंतिम संस्कार

बता दें कि मुंबई के वर्ली स्थित श्मशान घाट में आज साइरस मिस्त्री का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वह पारसी समुदाय से आते थे, इसी कारण उनका अंतिम संस्कार पारसी समुदाय के रिवाजों के हिसाब से ही किया जाएगा। उठावनी भी आज ही होगी।

मौत

रविवार को मुंबई के पास हुई थी मिस्त्री की मौत

साइरस मिस्त्री की रविवार को मुंबई के पास कार एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। वह मर्सिडीज कार से गुजरात के अहमदाबाद से मुंबई जा रहे थे, तभी महाराष्ट्र के पालघर में सूर्या नदी के ऊपर बने पुल पर उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के समय कार में ड्राइवर समेत कुल चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई और दो को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कारण

तेज रफ्तार और गलत साइड से ओवरटेक की कोशिश के कारण हुई दुर्घटना

शुरूआती जांच के अनुसार, मिस्त्री की मर्सिडीज बेंज कार तेज रफ्तार में चल रही थी और उसने गलत साइड से एक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिसके कारण दुर्घटना हुई। कार कितनी तेज थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह दुर्घटनास्थल से 20 किलोमीटर दूर स्थित एक चेकपॉइंट के CCTV में 2:21 बजे कैद हुई थी। दुर्घटना लगभग 2:30 बजे हुई, यानि कार ने 20 किलोमीटर मात्र 9 मिनट में तय किए।

जानकारी

दुर्घटना के समय नहीं खुले पीछे की सीटों के एयरबैग

मर्सिडीज बेंज कार में सात एयरबैग भी होते हैं, लेकिन पुलिस के अनुसार दुर्घटना के समय केवल आगे की दो सीटों के एयरबैग ही खुले और पीछे की सीटों के एयरबैग नहीं खुले। घटना में मरने वाले मिस्त्री और जहांगीर पीछे ही बैठे हुए थे।

परिचय

कौन थे साइरस मिस्त्री?

साइरस मिस्त्री शापूरजी पलोनजी समूह के संस्थापक और चेयरमैन पलोनजी मिस्त्री के छोटे बेटे थे। उनका परिवार आयरलैंड के सबसे अमीर भारतीय परिवारों में से एक है। मिस्त्री ने लंदन बिजनेस स्कूल से पढ़ाई की थी और 1991 में शापूरजी पलोनजी समूह के लिए काम करना शुरू किया। 1994 में वह समूह के निदेशक बने। 2006 में वह टाटा संस के बोर्ड में शामिल हुए और 2012 से 2016 तक इसके चेयरमैन रहे।

OSZAR »