Page Loader
रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री, विधायक दल की नेता चुनी गईं
रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी

रेखा गुप्ता होंगी दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री, विधायक दल की नेता चुनी गईं

लेखन आबिद खान
Feb 19, 2025
08:27 pm

क्या है खबर?

रेखा गुप्ता दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी। विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन बाद विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लग गई है। वे कल यानी 20 फरवरी को दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह समेत 30,000 लोग मौजूद रहेंगे। रेखा हालिया विधानसभा चुनावों में पहली बार विधायक चुनी गई हैं। वहीं, विजेंद्र गुप्ता को विधानसभा स्पीकर चुना गया है।

परिचय

कौन हैं रेखा गुप्ता?

रेखा शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। वे फिलहाल दिल्ली भाजपा की महासचिव और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से शुरू किया था। रेखा दक्षिण दिल्ली नगर निगम की महापौर भी रह चुकी हैं। 2015 और 2020 के विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, हालिया विधानसभा चुनाव में रेखा ने अपनी पहली जीत दर्ज की है।

सरकार

पर्यवेक्षकों ने कुछ विधायकों के साथ अलग बैठक की

विधायक दल की बैठक से पहले पर्यवेक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के घर पर दूसरे पर्यवेक्षक ओपी धनखड़ पहुंचे। यहां दोनों के बीच बैठक हुई। यहीं से दोनों नेता दिल्ली भाजपा कार्यालय पहुंचे और विधायक दल की बैठक में शामिल हुए। पर्यवेक्षकों ने राय जानने और रायशुमारी बनाने के लिए कुछ विधायकों के साथ अलग बैठक की। इनमें प्रवेश वर्मा, सतीश उपाध्याय और विजेंद्र गुप्ता के नाम शामिल हैं।

ट्विटर पोस्ट

रेखा गुप्ता के घर के बाहर जश्न

बैठक

आज ही हुई थी भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक

दिल्ली में आज ही भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा समेत कई लोग शामिल हुए थे। भाजपा संगठन से महामंत्री बीएल संतोष भी बैठक में थे। इसमें रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ को बतौर केंद्रीय पर्यवेक्षक चुना गया था। ये केंद्रीय पर्यवेक्षक भाजपा विधायक दल की बैठक में पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव रखा।

दावेदार

मुख्यमंत्री के लिए ये भी थे दावेदार

मुख्यमंत्री पद के लिए बवानी से विधायक रविंद्र इंद्रराज सिंह, ग्रेटर कैलाश से विधायक शिखा राय, नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा, रोहिणी से विधायक विजेंद्र गुप्ता और आदर्श नगर से राजकुमार भाटिया के नामों की भी चर्चा थी। माना जा रहा था कि भाजपा समीकरण साधने के लिए 2 उपमुख्यमंत्री बना सकती है। दिल्ली मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 7 मंत्री हो सकते हैं। चर्चा है कि सभी सातों लोकसभा सीट से एक-एक मंत्री बनाया जा सकता है।

सुरक्षा

रामलीला मैदान में सुरक्षा सख्त

रामलीला मैदान और उसके आसपास 5,000 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। अर्धसैनिक बलों की 10 से ज्यादा कंपनियां भी तैनात की जाएंगी। कई स्तर की बैरिकेडिंग भी की गई है। 2,500 से ज्यादा जगहों पर कमांडो, क्विक रिएक्शन टीम, PCR वैन, तोड़फोड़ निरोधक जांच दल और SWAT टीमें तैनात की जाएंगी। SPG ने एक दिन पहले ही रामलीला मैदान को अपने कब्जे में ले लिया है। दिल्ली पुलिस ने एडवायजरी भी जारी की है।

चुनाव नतीजे

क्या रहे थे दिल्ली चुनावों के नतीजे?

दिल्ली चुनावों में भाजपा ने 48 और AAP ने 22 सीटें जीती हैं। कांग्रेस को पिछली बार की तरह इस बार भी एक भी सीट नहीं मिली है। AAP के कई बड़े नेता चुनाव हार गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, मंत्री सत्येंद्र जैन, सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं को हार का मुंह देखना पड़ा है। इसी के साथ 27 साल बाद भाजपा दिल्ली में सरकार बना रही है।

OSZAR »