Page Loader
हरियाणा की राजनीति का 'पावर हाउस' बना यह गांव, इस चुनाव में दिए पांच विधायक

हरियाणा की राजनीति का 'पावर हाउस' बना यह गांव, इस चुनाव में दिए पांच विधायक

Oct 25, 2019
12:18 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में गुरुवार को विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित किए गए। इन चुनावों में जीते पांच विधायक ऐसे हैं जो एक ही गांव से आते हैं। अभय चौटाला, नैना चौटाला, रंजीत सिंह, दुष्यंत चौटाला और अमित सिहाग सिरसा जिले के चौटाला गांव के रहने वाले हैं। इनमें से चार विधायक पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के कुनबे से आते हैं। खास बात ये भी है कि इस गांव के कम से कम एक विधायक की सत्ता में भागीदारी जरूर होगी।

चुनाव

अभय ऐलनाबाद से तो दुष्यंत उचाना से जीते चुनाव

इन चुनावों में चौटाला गांव के कुल सात उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे थे। इनमें से पांच को जीत मिली है। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के अभय सिंह चौटाला ऐलनाबाद से, उनके भतीजे और जननायक जनता पार्टी (JJP) प्रमुख दुष्यंत चौटाला उचाना से, दुष्यंत की मां नैना चौटाला बाढ़ड़ा से, दुष्यंत के दादा के भाई रंजीत सिंह रानियां से निर्दलीय और अमित सिहाग कांग्रेस की टिकट पर डबवाली से चुनाव जीते हैं।

जानकारी

डबवाली सीट पर चौटाला गांव के तीन उम्मीदवार

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के OSD रहे केवी सिंह के बेटे अमित सिहाग के सामने चौटाला गांव के ही दो और उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे। INLD ने डबवाली से आदित्य चौटाला और JJP ने डॉक्टर सीताराम को उतारा था।

चुनाव

देवीलाल परिवार की तीन पीढ़ियां चुनावी मैदान में

खास बात यह भी है कि इन चुनावों में देवीलाल परिवार की तीन पीढ़ियां मैदान में थी। देवीलाल के बेटे रंजीत सिंह, उनके पोते अभय सिंह चौटाला और उनके पड़पोते दुष्यंत सिंह चौटाला तीनों चुनाव जीतकर विधानसभा में अपनी-अपनी पार्टियों की तरफ से मुद्दों पर बहस करेंगे। रंजीत सिंह ने भाजपा को अपना समर्थन दे दिया है। ऐसे में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो उनकी सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित हो गई है।

जानकारी

आज शाम को शपथ ले सकते हैं मनोहर लाल खट्टर

निर्दलीय विधायकों के समर्थन के सहारे मनोहर लाल खट्टर राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि शुक्रवार शाम को खट्टर दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

OSZAR »