Page Loader
उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी, INDIA गठबंधन की पहली परीक्षा 
6 राज्यों में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है

उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी, INDIA गठबंधन की पहली परीक्षा 

लेखन नवीन
Sep 05, 2023
10:40 am

क्या है खबर?

देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज सुबह 7 बजे (5 सितंबर) उपचुनाव का मतदान शुरू हो गया। इन उपचुनावों को आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के खिलाफ बने विपक्षी गठबंधन INDIA की पहली परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। उपचुनावों के लिए वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी और इसी दिन चुनावी नतीजे भी घोषित हो जाएंगे।

सीट

किन सीटों पर हो रहा है मतदान? 

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट, केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी विधानसभा सीट, उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट और उत्तराखंड की विधानसभा बागेश्वर सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इसके अलावा त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर विधानसभा सीटों पर भी मतदान जारी है। इनमें से 5 सीटों पर विधायकों के निधन के कारण उपचुनाव हो रहा है, जबकि 2 विधायकों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

पश्चिम बंगाल

धूपगुड़ी (पश्चिम बंगाल)

2021 में भाजपा के विष्णुपदा रे ने धूपगुड़ी विधानसभा सीट 4,300 वोटों के मामूली अंतर से जीती थीं। इस साल जुलाई में भाजपा विधायक के निधन के बाद सीट भरने के लिए यहां उपचुनाव हो रहा है। इस सीट पर भाजपा, तृणमूल कांग्रेस (TMC) और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस बार भाजपा ने यहां तापसी रॉय को TMC के निर्मल चंद्र रॉय के खिलाफ उतारा है, जबकि कांग्रेस-वाम गठबंधन की ओर से ईश्वर चंद रॉय उम्मीदवार हैं।

त्रिपुरा

धनपुर और बॉक्सनगर (त्रिपुरा)

त्रिपुरा में धनपुर और बॉक्सनगर उपचुनाव में CPI(M) और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच मुख्य मुकाबला है। धनपुर सीट पर भाजपा की केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के इस्तीफे के कारण उपचुनाव हो रहा है। यहां भाजपा उम्मीदवार बिंदू देबनाथ का मुकाबला CPI(M) उम्मीदवार कौशिक चंदा से है। दूसरी ओर बॉक्सनगर सीट पर CPI(M) विधायक समसुल हक के निधन के बाद हो रहे उपचुनाव में उनके बेटे मिराज हुसैन चुनाव मैदान में हैं और उनका मुकाबला भाजपा के तफज्जुल हुसैन से है।

उत्तराखंड

बागेश्वर (उत्तराखंड)

उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में 5 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। इस साल अप्रैल में भाजपा विधायक और कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास की मृत्यु के बाद यहां उपचुनाव हो रहा है। भाजपा ने यहां दिवंगत विधायक की पत्नी पार्वती देवी को कांग्रेस के बसंत कुमार के खिलाफ मैदान में उतारा है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी के भगवती प्रसाद भी चुनाव मैदान में हैं।

झारखंड

डुमरी (झारखंड)

झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के 4 बार के विधायक और मंत्री जगन्नाथ महतो के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। 2019 चुनाव में महतो ने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (AJSU) की यशोदा देवी को हराया था। इस बार विपक्षी गठबंधन INDIA ने दिवंगत विधायक की पत्नी बेबी देवी को टिकट दिया है, जो NDA उम्मीदवार यशोदा देवी का मुकाबला करेंगी। इसके अलावा AIMIM उम्मीदवार अब्दुल मोबिन रिजवी भी चुनाव मैदान में हैं।

केरल

पुथुपल्ली (केरल)

केरल की पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता ओमान चांडी के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। वह 1970 से इस सीट पर जीत दर्ज करते आ रहे थे। यहां कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने चांडी के बेटे को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि सत्तारूढ़ CPI(M) ने जैक थॉमस चुनाव मैदान में है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी (AAP) भी पहली बार केरल में चुनाव लड़कर किस्मत आजमा रही है।

उत्तर प्रदेश

घोसी (उत्तर प्रदेश)

उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर कद्दावर OBC नेता दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी (सपा) से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद उपचुनाव हो रहा है। इस बार भाजपा उम्मीदवार चौहान का मुकाबला सपा के सुधाकर सिंह से है। घोसी उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी चुनाव प्रचार किया था। घोसी उपचुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।

OSZAR »