Page Loader
एशेज 2023: जैक क्रॉली ने लगाया चौथा टेस्ट शतक, पूरे किए 2,000 टेस्ट रन 
जैक क्रॉली ने लगाया चौथा टेस्ट शतक (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

एशेज 2023: जैक क्रॉली ने लगाया चौथा टेस्ट शतक, पूरे किए 2,000 टेस्ट रन 

Jul 20, 2023
08:14 pm

क्या है खबर?

इस समय खेले जा रही एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली ने शानदार शतक (189) लगाया। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा शतक रहा, जिसे उन्होंने 93 गेंदों में पूरा किया। यह मौजूदा सीरीज में उनके बल्ले से निकलने वाली पहली शतकीय पारी है। इस बीच उन्होंने अपने टेस्ट करियर के 2,000 रन भी पूरे कर लिए हैं। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही क्रॉली की पारी 

इंग्लैंड क्रिकेट टीम से पारी की शुरुआत करने आए क्रॉली ने अच्छी रन गति से बल्लेबाजी की और मौके मिलने पर आकर्षक शॉट लगाकर रन बटोरे। उन्होंने दूसरे दिन के दूसरे सत्र के दौरान 93 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने मोईन अली (54) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 121 रन और जो रूट (84) के साथ मिलकर 206 रन की साझेदारी की। वह 182 गेंदों में 189 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड्स 

क्रॉली ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

क्रॉली ओल्ड ट्रेफर्ड में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने वाले इंग्लिश बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि इस मैदान पर सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड इयान बॉथम (86 गेंद) के नाम है। यह इंग्लैंड की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा सबसे तेज शतक है। यह इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज के तौर पर दूसरा सबसे तेज शतक है। खास बात यह है कि इंग्लैंड से बतौर सलामी बल्लेबाज सबसे तेज शतक भी क्रॉली (86 गेंद) के ही नाम दर्ज है।

एशेज 

एशेज 2023 में कैसा रहा क्रॉली का प्रदर्शन?

एशेज 2023 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के दमदार तेज गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ क्रॉली ने प्रभावित किया है। उन्होंने अब तक 7 पारियों में 50 से अधिक की औसत के साथ 300 से अधिक रन बना लिए हैं। वह मौजूदा टूर्नामेंट में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले इंग्लिश बल्लेबाज बने हुए हैं। इस टेस्ट मैच से पहले उनके स्कोर 33, 44, 48, 3, 61 और 7 रहे हैं।

करियर 

क्रॉली के टेस्ट करियर पर एक नजर 

दाएं हाथ के बल्लेबाज क्रॉली ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ 2019 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। उन्होंने अब तक 38 टेस्ट की 70 पारियों में 2,000 से अधिक रन बना लिए हैं। इस बीच 4 शतक के अलावा वह 9 अर्धशतक भी अपने नाम कर चुके हैं। टेस्ट करियर में उनका सर्वोच्च स्कोर 267 रन रहा है, जो कि उनके फर्स्ट क्लास करियर का भी सबसे बड़ा स्कोर है।

OSZAR »