
IPL 2025: DC ने LSG को हराते हुए अपनी छठी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 40वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) को 8 विकेट से हराते हुए अपनी छठी जीत दर्ज की।
इकाना स्टेडियम में हुए मैच में LSG ने पहले खेलते हुए 159/6 का स्कोर बनाया। जवाब में DC की टीम ने 17.5 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
यह मौजूदा सीजन में LSG की चौथी हार है।
आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से रहा रोचक मुकाबला
एडेन मार्करम (52) और मिचेल मार्श (45) ने LSG को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि, दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद LSG के बल्लेबाजों ने निराश किया।
वहीं, मध्यक्रम में आयुष बडोनी ने 36 रन की पारी खेलते हुए टीम का स्कोर 150 के पार पहुंचाया। DC से मुकेश कुमार ने 4 विकेट लिए।
जवाब में अभिषेक पोरेल (51) और केएल राहुल (57*) की पारियों की मदद से DC ने लक्ष्य हासिल किया।
मार्करम
मार्करम ने इस सीजन में अपना चौथा अर्धशतक लगाया
मार्करम ने पारी का चौथा करने आए मुकेश कुमार के खिलाफ आकर्षक शॉट लगाए। उन्होंने उस ओवर में 1 चौका और 1 छक्का लगाया।
इसके बाद उन्होंने एक छोर से निरंतर रन बटोरे और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 33 गेंदों पर 52 रन बनाकर आउट हुए। दुष्मंता चमीरा ने उन्हें ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच आउट कराया।
उन्होंने अपनी अर्धशतकीय पारी में 2 चौके और 3 छक्के लगाए।
मुकेश
मुकेश ने किया अपना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन
मुकेश ने अब्दुल समद के रूप में पहली सफलता हासिल की। इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने अपनी ही गेंद पर समद का कैच पकड़ा।
इसके बाद उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी करने वाले मिचेल मार्श (45) को बोल्ड कर दिया।
उन्होंने अपने चौथे और पारी के 20वें ओवर के दौरान आयुष बडोनी (36) और ऋषभ पंत (0) के विकेट चटकाए। उन्होंने अपने 4 ओवर में 33 रन दिए।
मुकेश ने अपने 3 विकेट बोल्ड करते हुए हासिल किए।
मार्श
मार्श ने पूरे किए अपने 1,000 IPL रन
LSG से पारी की शुरुआत करने आए मार्श अपने अर्धशतक से चूक गए। वह 36 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का भी लगाया।
इस बीच उन्होंने अपने IPL करियर में 1,000 रन पूरे किए।
उन्होंने अब 50 मैचों की 44 पारियों में 24.02 की औसत और 137.27 की स्ट्राइक रेट के साथ 1,009 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 7 अर्धशतक लगाए हैं।
पोरेल
पोरेल ने लगाया अर्धशतक
पोरेल ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की। उन्होंने इकाना स्टेडियम में LSG के गेंदबाजों को सम्मान दिया और मौके मिलने पर रन बटोरे।
उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 36 गेंदों में 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी इस अर्धशतकीय पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया।
वह मार्करम की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए।
राहुल
राहुल ने शानदार फॉर्म जारी रखा, पूरे किए 5,000 IPL रन
DC ने जब 36 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब राहुल क्रीज पर आए।
उन्होंने मैच की परिस्थिति के हिसाब से बल्लेबाजी की। टिककर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 40 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
यह मौजूदा सीजन में तीसरा और उनके IPL करियर का कुल 40वां अर्धशतक रहा।
इस बीच उन्होंने IPL में अपने 5,000 रन भी पूरे किए। वह 42 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे।
ट्विटर पोस्ट
ऐसी है अंक तालिका में टीमों की स्थिति
🚨 GUJARAT & DELHI HAS 12 POINTS EACH IN IPL 2025 🚨 pic.twitter.com/Rss2pzzwFc
— Johns. (@CricCrazyJohns) April 22, 2025