Page Loader
गांगुली, कुंबले और धोनी की कप्तानी पर बोले श्रीकांत, धोनी को बताया गांगुली से विपरीत

गांगुली, कुंबले और धोनी की कप्तानी पर बोले श्रीकांत, धोनी को बताया गांगुली से विपरीत

लेखन Neeraj Pandey
Apr 19, 2020
08:50 pm

क्या है खबर?

महेन्द्र सिंह धोनी ने जब अपने करियर की शुरुआत की थी तब दिलीप वेंगसरकर भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता होते थे। भले ही वेंगसरकर उनको टीम में लेकर आए, लेकिन धोनी ने अपने करियर की सबसे ज़्यादा सफलता तब हासिल की जब कृष्णमचारी श्रीकांत सिलेक्शन पैनल के चेयरमैन थे। श्रीकांत ने अब सौरव गांगुली, अनिल कुंबले और धोनी की कप्तानी के अंतर के बारे में बताया है।

तुलना

गांगुली से एकदम विपरीत कप्तान हैं धोनी- श्रीकांत

श्रीकांत ने कहा कि गांगुली एक आक्रामक कप्तान थे, लेकिन धोनी उनके एकदम विपरीत बेहद शांत स्वभाव के हैं। उन्होंने आगे कहा, "जब धोनी 2007 टी-20 विश्वकप में टीम के कप्तान थे तो उन्होंने टीम को अच्छे से संभाला और खिताबी जीत ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का काम किया। जब कुंबले टेस्ट टीम के कप्तान थे तो धोनी के पास सीखने का अच्छा मौका था और उन्हें जरूरी अनुभव की प्राप्ति हुई।"

सफलता

तीनो ICC खिताब जीतने वाले विश्व के इकलौते कप्तान हैं धोनी

धोनी के भारतीय टीम का कप्तान बनने से पहले तक गांगुली भारत के सबसे सफल कप्तान थे। हालांकि, धोनी ने कप्तानी छोड़ने से पहले खुद को गांगुली से ज़्यादा सफल टेस्ट कप्तान बनाया। इसके अलावा उन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को ICC के तीनों खिताब जिताए और ऐसा करने वाले वह दुनिया के इकलौते कप्तान हैं। टी-20 और वनडे की कप्तानी पाने वाले धोनी को टेस्ट में कप्तानी के लिए कुंबले के संन्यास तक इंतजार करना पड़ा।

नजरिया

धोनी के आने के बाद बदला नेशनल टीम का नजरिया

श्रीकांत के मुताबिक धोनी के भारतीय टीम में आने से पहले तक नेशनल टीम में दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे मेट्रो शहरों के खिलाड़ियों का दबदबा था, लेकिन धोनी के आने के बाद अन्य शहरों के क्रिकेटर्स को भी आशा की किरण दिखी। उन्होंने कहा, "धोनी के कार्यकाल के बाद हमने छोटे शहरों से कई खिलाड़ियों को आते देखा है। टीम को सही दिशा में कोहली के हाथों में सौंपा गया है।"

विराट कोहली

कोहली बन चुके हैं भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान

धोनी ने 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था और इसके बाद कोहली को टेस्ट कप्तानी मिली थी। इसके बाद से कोहली भारत के लिए सबसे ज़्यादा टेस्ट जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। कोहली के अंडर भारत अपने घर में लगातार 10 टेस्ट जीतकर रिकी पोंटिंग के काफी पुराने रिकॉर्ड की बराबरी भी कर चुका है। 2017 में धोनी ने कोहली को लिमिटेड ओवर्स की कप्तानी भी सौंप दी थी।

OSZAR »