Page Loader
IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी CSK के लिए 250 मुकाबले खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने
महेंद्र सिंह धोनी ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2024: महेंद्र सिंह धोनी CSK के लिए 250 मुकाबले खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने

Apr 14, 2024
07:55 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के 29वें मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह CSK के लिए 250 मुकाबले खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच में जैसे ही उनका नाम प्लेइंग इलेवन में आया। उन्होंने यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। ऐसे में आइए इस महान खिलाड़ी के आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

मैच

इन खिलाड़ियों ने CSK के लिए खेले हैं सबसे ज्यादा मैच 

धोनी के अलावा CSK के लिए सिर्फ सुरेश रैना ने 200 मुकाबले खेले हैं। उनके बाद रविंद्र जडेजा हैं, जिन्होंने CSK के लिए 177 मुकाबले खेले हैं। धोनी ने 250 मुकाबलों में CSK के लिए 39 से ज्यादा की औसत और 138 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 4,996 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 23 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* रन रहा है। उन्होंने इस फ्रेंचाइजी के लिए सबसे पहला मुकाबला साल 2008 में खेला था।

खिताब

धोनी की कप्तानी में 5 खिताब जीत चुकी है CSK 

CSK लीग की सबसे सफल टीमों में से एक है। धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम को 5 IPL खिताब (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023) दिलाए हैं। मुंबई इंडियंस (MI) भी रोहित शर्मा कप्तानी में 5 बार विजेता (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) बनी हैं। ऐसे में खिताब के लिहाज से रोहित और धोनी संयुक्त रूप से सबसे सफल कप्तान हैं। इनके बाद गौतम गंभीर के नेतृत्व में KKR 2 बार विजेता बनी है।

आंकड़े

धोनी की कप्तानी में CSK ने जीते 128 मैच 

धोनी ने 2008 से 2023 के बीच IPL के 212 मौकों पर CSK का नेतृत्व किया था। IPL 2022 के दौरान, उन्होंने 8 मैचों में कप्तानी की बाकी मैचों में जडेजा ने कमान संभाली थी। उनके नेतृत्व में CSK ने 128 मैच जीते (जीत प्रतिशत-60.95) और 82 में हार झेली। इस बीच 2 मैच बेनतीजा रहे। धोनी ने राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए 14 मैचों में कप्तानी की थी, जिसमें से 5 मैच जीते और 9 में शिकस्त झेली।

उम्रदराज

IPL में खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज भारतीय हैं धोनी 

IPL 2024 में CSK ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था, जिसमें धोनी के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड दर्ज हो गया था। वह 42 साल और 259 दिन की उम्र में लीग में मुकाबला खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए थे। CSK के पूर्व कप्तान अब केवल प्रवीण तांबे से पीछे हैं, जिन्होंने 2016 में 44 साल और 219 दिन की उम्र में अपना आखिरी मैच खेला था।

करियर

कमाल का रहा है धोनी का IPL करियर 

धोनी ने अपने IPL करियर में अब तक 256 मैचों में 39 से ज्यादा औसत के साथ 5,121 रन बनाए हैं। वह क्रिकेट की सबसे बड़ी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। धोनी ने बतौर कप्तान IPL में 39.82 की औसत और 137.46 की स्ट्राइक रेट से 4,660 रन अपने नाम किए थे। वह भारत की इस प्रतिष्ठित लीग में कप्तान के रूप में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी हैं।

OSZAR »