Page Loader
स्टीव स्मिथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं कर पा रहे अच्छा प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 
स्टीव स्मिथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुछ खास नहीं कर पा रहे हैं (तस्वीर: एक्स/ @ICC)

स्टीव स्मिथ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं कर पा रहे अच्छा प्रदर्शन, जानिए आंकड़े 

Nov 28, 2023
07:19 pm

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने भारत के खिलाफ तीसरे टी-20 मुकाबले से पहले बड़ा बदलाव किया और 6 खिलाड़ियों को आराम दे दिया।

इन खिलाड़ियों में कंगारू टीम के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ भी थे। पहले 2 मुकाबलों में स्मिथ सलामी बल्लेबाज के तौर पर आए थे।

क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में उनके प्रदर्शन को देखकर अब उन्हें मौका मिलना थोड़ा मुश्किल लग रहा है।

ऐसा हम क्यों कह रहे हैं, आइए आंकड़ों से समझते हैं।

समस्या

स्मिथ की स्ट्राइक रेट है सबसे बड़ी समस्या 

टी-20 क्रिकेट में बल्लेबाजों को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करनी होती है, लेकिन स्मिथ की स्ट्राइक रेट बड़ी समस्या बनती जा रही है।

भारत के खिलाफ पहले टी-20 में स्मिथ ने अर्धशतकीय पारी खेली थी, लेकिन इसके लिए उन्होंने 41 गेंद खर्च कर दिए। दूसरे मुकाबले में उनके बल्ले से 16 गेंद में 19 रन निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 118.75 की रही थी।

साल 2022 में स्मिथ ने 11 मुकाबले खेले थे और 119.83 की स्ट्राइक रेट से 145 रन बनाए थे।

आंकड़े

2019 के बाद पहली बार लगाया अर्धशतक 

इस साल स्मिथ ने 2 टी-20 मैच खेले हैं और 124.56 की स्ट्राइक रेट से 71 रन बनाए हैं। स्मिथ ने इस दौरान टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साल 2019 के बाद पहली बार अर्धशतक लगाया है।

उन्होंने भारत के खिलाफ पहले टी-20 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2019 में 80 रन की अर्धशतकीय पारी खेली थी।

पिछले साल उन्होंने 18.12 की औसत से 145 रन बनाए थे और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर सिर्फ 37 रन था।

BBL

BBL में कमाल का प्रदर्शन कर चुके हैं स्मिथ 

स्मिथ ने इस साल की शुरुआत में बिग बैश लीग (BBL) 2022-23 में सिडनी सिक्सर्स की ओर से सलामी बल्लेबाजी की थी। पारी की शुरुआत करते हुए उन्होंने लगातार 2 शतक भी लगाए थे।

वह सिक्सर्स की ओर से लगातार 2 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे।

उस सीजन में स्मिथ ने 5 पारियों में 86.50 की औसत और 174.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 346 रन बनाए थे।

करियर

स्मिथ के टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर पर एक नजर 

स्मिथ ने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 65 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 25.69 की औसत और 125.17 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 1,079 रन बनाए हैं।

इस बीच वह 90 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 5 अर्धशतक अपने नाम कर चुके हैं। वह अपने देश से फिलहाल छठे सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।

स्मिथ 2021 में खेले गए टी-20 विश्व कप के विजेता के रूप में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

OSZAR »