Page Loader
टोक्यो ओलंपिक: पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में बेल्जियम ने भारत को हराया
सेमीफाइनल में हारा भारत

टोक्यो ओलंपिक: पुरुष हॉकी सेमीफाइनल में बेल्जियम ने भारत को हराया

Aug 03, 2021
09:10 am

क्या है खबर?

टोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को सेमीफाइनल में हार मिली है। सेमीफाइनल मुकाबले में बेल्जियम ने भारत को 5-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

49 सालों के लम्बे अंतराल के बाद सेमीफाइनल में खेलने वाली भारतीय टीम स्वर्ण पदक की दौड़ से बाहर हो गई है।

भारत की ओर से हरमनप्रीत और मनदीप सिंह ने गोल किए।

एक नजर डालते हैं मैच पर।

पहला क्वार्टर

पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त

पहले क्वार्टर के दूसरे मिनट में ही बेल्जियम ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करके बढ़त बना ली। हालांकि, भारतीय टीम ने भी आक्रामक प्रयास जारी रखे और हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर मदद से गोल करके बराबरी दिलवा दी।

वहीं मनदीप सिंह ने आठवें मिनट में मैदानी गोल करके बढ़त दिलवा दी। पहले क्वार्टर की समाप्ति के बाद बढ़त भारत के पक्ष में 2-1 से रही।

दूसरा क्वार्टर

दूसरे क्वार्टर में 2-2 से बराबरी पर रहा स्कोर

पहले क्वार्टर में पिछड़ने के बावजूद बेल्जियम ने दूसरे क्वार्टर में भी अपनी शैली के अनुरूप खेल दिखाया और लगातार पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित किए।

भारतीय रक्षापंक्ति और मुस्तैद गोलकीपर श्रीजेश के कारण बेल्जियम के तीन लगातार पेनाल्टी कॉर्नर असफल रहे।

हालांकि, लगातार आक्रमण करने वाली बेल्जियम से हेंड्रिक्स ने सेट पीस के जरिए गोल करके दूसरे क्वार्टर में बराबरी कर ली।

जानकारी

गोलरहित रहा तीसरा क्वार्टर

तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने कई असफल प्रयास किए लेकिन किसी भी टीम को कोई सफलता हासिल नहीं हुई। तीसरा क्वार्टर गोल रहित रहा। तीसरे क्वार्टर के बाद स्कोर 2-2 से बराबरी रहा।

चौथा क्वार्टर

ऐसा रहा चौथा क्वार्टर

चौथे क्वार्टर में बेल्जियम ने भारत के मुकाबले कई बेहतर खेल दिखाया और लगातार आक्रमण किए। इस दौरान बेल्जियम को कई पेनाल्टी कॉर्नर भी मिले।

बेल्जियम ने आखिरी क्वार्टर में तीन गोल करके 5-2 के स्कोर के साथ मैच जीत लिया।

विश्व चैंपियन बेल्जियम लगातार दूसरे ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने में कामयाब हुई है। पिछले रियो ओलंपिक में टीम को रजत पदक मिला था।

कांस्य पदक

कांस्य पदक की दौड़ में बची हुई है भारतीय टीम

भारत के पास अभी भी कांस्य पदक जीतने का मौका है। टोक्यो ओलंपिक में दूसरा सेमीफाइनल ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के बीच होना है। इनमें से हारने वाली टीम कांस्य पदक मुकाबले में भारत से भिड़ेगी।

ओलंपिक में भारत ने हॉकी में 11 पदक जीते हैं, जिसमें आठ स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल (पिछली बार 1980 में जीता) से ओलंपिक में पदक नहीं जीता है।

OSZAR »