Page Loader
विजय हजारे ट्रॉफी: 50 ओवर के मैच में पृथ्वी शॉ ने लगाया दोहरा शतक

विजय हजारे ट्रॉफी: 50 ओवर के मैच में पृथ्वी शॉ ने लगाया दोहरा शतक

Feb 25, 2021
01:46 pm

क्या है खबर?

विजय हजारे ट्रॉफी के एलीट ग्रुप-D के मैच में मुंबई के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने दोहरा शतक (227*) लगाया है। जयपुर में खेले जा रहे 50 ओवर के मैच में पृथ्वी ने पुडुचेरी के खिलाफ महज 142 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। यह उनका लिस्ट-A करियर में पहला दोहरा शतक है। पहले खेलते हुए मुंबई ने 457/4 का स्कोर बनाया है। एक नजर डालते हैं उनकी पारी पर।

बल्लेबाजी

सिर्फ 142 गेंदों में लगाया दोहरा शतक

पुडुचेरी के खिलाफ पृथ्वी ने सिर्फ 27 गेंदों में 50 रनों का आंकड़ा छू लिया और फिर 65 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था। इस दौरान उन्होंने 18 चौके और एक छक्के भी लगाए थे। इसके बाद उन्होंने अपनी शतकीय पारी को दोहरे शतक में तब्दील कर दिया। पृथ्वी ने 142 गेंदों में 27 चौकों और चार छक्के की मदद से लिस्ट-A करियर में पहला दोहरा शतक पूरा किया।

लेखा-जोखा

विजय हजारे में शानदार फॉर्म में हैं पृथ्वी

विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले मैच में भी पृथ्वी ने शतक जड़ा था। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 89 गेंदों में नाबाद 105 रन बनाए थे। उस मैच में मुंबई ने दिल्ली पर सात विकेट से जीत दर्ज की थी। अपने दूसरे मैच में पृथ्वी ने महाराष्ट्र के खिलाफ 34 रन बनाए थे। उस मुकाबले में मुंबई ने छह विकेट से जीत हासिल की। पुडुचेरी के खिलाफ उन्होंने 152 गेंदों में 227* रन बनाए, जो कि विजय हजारे में सर्वाधिक निजी स्कोर है।

सूर्यकुमार यादव

सूर्यकुमार ने भी जड़ा शतक

मुंबई के अनुभवी बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने 58 गेंदों में 133 रनों की तेज पारी खेली। इस बीच उन्होंने 22 चौके और चार छक्के भी लगाए। सूर्यकुमार ने अपने लिस्ट-A करियर का सिर्फ तीसरा शतक 50 गेंदों में पूरा किया था। जब टीम का स्कोर 211/2 था, तब सूर्यकुमार ने पृथ्वी के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 201 रनों की साझेदारी की और टीम का स्कोर 400 के पार पहुंचाया था।

बल्लेबाजी

मुंबई ने बनाया बड़ा स्कोर

गुरुवार को जयपुर में खेले जा रहे मुकाबले में मुंबई ने पृथ्वी (227* रन, 152 गेंद) के दोहरे शतक की बदौलत निर्धारित 50 ओवर में चार विकेट खोकर 457 रन बनाए हैं। बता दें नियमित श्रेयस अय्यर के गैरमौजदूगी में पृथ्वी शॉ इस मैच में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने शतकीय पारी (133 रन) खेली जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज आदित्य तारे (56) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

जानकारी

मुंबई ने बनाया सर्वाधिक टीम स्कोर का ये रिकॉर्ड

मुंबई का 457/4 का स्कोर भारतीय जमीं पर 50 ओवर क्रिकेट में सर्वाधिक टीम स्कोर का रिकॉर्ड है। इससे पहले 2015 में दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ मुंबई में 438/4 का स्कोर बनाया था।

OSZAR »