Page Loader
WPL 2025: DC ने RCB को हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह, ये बने रिकॉर्ड्स 
दिल्ली को शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2025: DC ने RCB को हराकर प्लेऑफ में बनाई जगह, ये बने रिकॉर्ड्स 

Mar 01, 2025
10:44 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 14वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स(DC) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु(RCB) को 9 विकेट से हराते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मैच में RCB ने निर्धारित 20 ओवर के बाद 5 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जवाब में DC ने शफाली वर्मा(80*) और जेस जोनासेन (61*) की शानदार पारियों की मदद से 15.3 ओवर में लक्ष्य हासिल किया। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

मैच का लेखा-जोखा 

DC ने मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ। RCB के लिए एलिस पेरी (60) को छोड़कर और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। DC के लिए शिखा पांडे और नल्लापुरेड्डी चरणी ने अच्छी गेंदबाजी की और 2-2 विकेट अपने नाम किए। जवाब में शफाली और जोनासेन ने RCB को मैच में वापसी करने का कोई मौका ही नहीं दिया।

पारी 

पेरी ने ये रिकॉर्ड्स किए अपने नाम 

पेरी ने 37 गेंदों का सामना करते हुए अर्धशतक पूरा किया। वह 47 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बल्ले से 3 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 127.66 की रही। यह उनके WPL करियर का 8वां और इस सीजन का चौथा अर्धशतक रहा। वह WPL 2025 में सबसे ज्यादा रन (295) बनाने वाली बल्लेबाज बन गई हैं। इस पारी के दौरान वह WPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन (895) बनाने वाली बल्लेबाज भी बनी।

अर्धशतक

शफाली की पारी पर एक नजर 

शफाली ने मैच में 30 गेंदों का सामना करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। इस खिलाड़ी ने सिर्फ 43 गेंदों में 80 रन की नाबाद पारी खेली। उनके बल्ले से 8 चौके और 4 शानदार छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 186.05 की रही। WPL 2025 में शफाली ने पहला अर्धशतक लगाया। यह उनके WPL करियर का छठा अर्धशतक है। इस मुकाबले से पहले उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उन्होंने 43 रन की पारी खेली थी।

ऑलराउंडर

बल्लेबाजी में छा गईं जोनासेन 

जोनासेन आज गेंदबाजी में कमाल नहीं कर पाईं। उन्होंने 3 ओवर में 33 रन दिए और उन्हें एक भी सफलता नहीं मिली। हालांकि, उन्होंने बल्लेबाजी में कमाल कर दिया। जोनासेन ने सिर्फ 38 गेंदों का सामना किया और 61 रन बना दिए। उनके बल्ले से 9 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 160.53 की रही। यह उनके WPL करियर का सिर्फ दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने दोनों अर्धशतक इसी सीजन लगाए हैं।

अंक तालिका

अंक तालिका पर एक नजर 

DC की 7 मैचों में पांचवी जीत है। टीम अब तालिका में 10 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। MI 6 अंको के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। UPW 2 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। RCB ने 6 मुकाबले खेले हैं और उसे 4 मुकाबलों में हार मिली है। अब वह 4 अंक के साथ चौथे स्थान पर आ गई है। गुजरात जायंट्स (GG) के भी 4 अंक हैं और वह 5वें स्थान पर है।

OSZAR »